सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का छापा, गंदगी और बदहाल रैन बसेरा देख भड़के ललित मोहन रयाल
अस्पताल प्रशासन को लगाई फटकार, बोले- क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? बाहर से दवाएं लिखने पर भी लगाई रोक
हल्द्वानी, 26 नवंबर। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अचानक अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में अव्यवस्थाएं, गंदगी और रैन बसेरे की बदहाल स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और अस्पताल प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की खराब हालत और कई स्थानों पर गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने पीएमएस से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है और अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही संवेदनशील स्थिति में होते हैं। ऐसे में उनके लिए साफ-सुथरे बिस्तर, सुरक्षित वातावरण और ठंड से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में कई स्थानों पर शीशे टूटे होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि टूटे शीशों के कारण ठंडी हवा अंदर आएगी और मरीजों एवं तीमारदारों को परेशानी होगी। अस्पताल प्रशासन तत्काल सभी कमियों को दूर करे।
बाहर की दवाएं लिखने पर लगाई रोक
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं ही लिखी जाएं। अस्पताल के बाहर से दवाएं मंगाने या लिखने की व्यवस्था पूरी तरह बंद की जाए। मरीजों का उपचार अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
वार्डों में पहुंचकर मरीजों का जाना हाल
जिलाधिकारी ने बाल रोग वार्ड, महिला वार्ड, गायनी वार्ड, जनरल वार्ड और सर्जरी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार, चिकित्सकीय सुविधाओं और अस्पताल में मिल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सर्दियों को देखते हुए अस्पताल के सभी वार्डों में लाइट और हीटर की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए। जिन कमरों में नमी की समस्या है, उन्हें भी तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
सफाई ठेकेदार को भी दी सख्त चेतावनी
अस्पताल में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर जिलाधिकारी ने आउटसोर्स पर कार्यरत स्वच्छता ठेकेदार को भी कड़ी हिदायत दी। उन्होंने सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम और फर्श सहित पूरे अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदगी और खराब स्वच्छता व्यवस्था से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता है, इसलिए सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों के अनुसार काम नहीं करने और नियमों का पालन नहीं करने वाले संबंधित ठेकेदारों के लाइसेंस निरस्त या निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन को लेकर जल्द ही एक टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय प्रदेश का प्रमुख अस्पताल है। यहां दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


किसानों की सात सूत्रीय मांगों को लेकर बिंदुखत्ता में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
बिंदुखत्ता के सगे भाइयों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, तनिष्क-कनिष्क ने जीते दो स्वर्ण पदक
उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 12 IAS और 17 IPS अधिकारियों के तबादले; छह जिलों के पुलिस कप्तान बदले
आज का राशिफल (26 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!