देहरादून में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, सरकारी कार्बाइन से चलीं 10 गोलियां; हेड कांस्टेबल की मौत
देहरादून के ऋषिकेश-रानीपोखरी क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस हेड कांस्टेबल की सरकारी कार्बाइन से अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चल गईं। इस दर्दनाक घटना में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जौलीग्रांट स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील कुमार उत्तराखंड आर्म्ड पुलिस में तैनात थे और उनकी ड्यूटी जौलीग्रांट एयरपोर्ट गेस्ट हाउस में लगी हुई थी। वह रानीपोखरी के नागाघेर क्षेत्र में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी, 18 वर्षीय बेटा और 16 वर्षीय बेटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार घटना के समय सुनील कुमार घर के आंगन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अंदर थे। अचानक एक के बाद एक गोलियां चलने की आवाज से परिवार और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
लगातार चली गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। स्थानीय लोग भी घटना के बाद सदमे में हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर सरकारी कार्बाइन से इतनी गोलियां किन परिस्थितियों में चलीं।
इधर देहरादून जिले में गोलीबारी का एक और मामला सुद्धोवाला क्षेत्र से सामने आया है। यहां जेल में बंद एक कैदी पर साथी बंदी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। रकम नहीं देने पर आरोपी ने साथी बंदी की पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और घर पर फायरिंग करवाई।
प्रेमनगर थाना पुलिस के मुताबिक, ईस्ट होप टाउन लक्ष्मीपुर निवासी सीमा राजपूत ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि जेल में बंद अर्जुन नामक आरोपी उनके पति से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर धमकी दी गई। 20 मई को घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में दो युवक दिखाई दिए, जिनमें एक युवक घर में धमकी भरी चिट्ठी फेंकता नजर आया, जबकि दूसरे ने फायरिंग की।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक अज्ञात समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: मां-भाई और गर्भवती भाभी की हत्या के दोषी की फांसी रद्द; मानसिक इलाज के बाद रिहाई के निर्देश
आज का राशिफल (16 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल: DM ललित मोहन रयाल के एक साल का रिपोर्ट कार्ड, 31,979 राजस्व वादों का निस्तारण; 34,897 वारिसों के नाम दर्ज
पिथौरागढ़ में नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया जागरूक, बैंकिंग योजनाओं से लेकर साइबर ठगी से बचाव तक दी जानकारी