उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर, वन भूमि से लेकर भर्ती और मानदेय तक लिए गए अहम फैसले
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में वन भूमि पर वर्षों से बसी आबादी, सरकारी भर्तियों, कर्मचारियों के मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी विकास और पेयजल व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने बिंदुखत्ता और ऋषिकेश के बापूग्राम समेत अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति जताई। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी और वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया।
बिंदुखत्ता और बापूग्राम की आबादी पर बड़ा फैसला
कैबिनेट बैठक में वन भूमि पर वर्षों से रह रहे परिवारों से जुड़े मामले पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। ऋषिकेश के बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि के साथ बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस फैसले से इन क्षेत्रों में लंबे समय से रह रहे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके बाद उनका मासिक मानदेय 8300 रुपये से बढ़कर 10 हजार रुपये हो जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई है। इसके तहत संगठित क्षेत्र के साथ असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया गया है। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है।
वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष
युवाओं और रोजगार से जुड़े फैसले में कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। इसके साथ ही उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को भी मंजूरी प्रदान की गई।
पीजी डॉक्टरों को दो साल देनी होगी सरकारी सेवा
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल तक प्रदेश में सरकारी सेवा देना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए बॉन्ड की व्यवस्था लागू होगी। सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
ईएसआई फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती की शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा डिग्रीधारक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी मिली है।
हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर
शहरी विकास और यातायात व्यवस्था को लेकर कैबिनेट ने हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया है। इन कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक प्रस्तावित है।
इसके अलावा भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता देने का निर्णय लिया गया है। राज्य में भू-उपयोग परिवर्तन की दरों में भी करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है। ग्रामीण पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 को मंजूरी दी गई है।
आबकारी विभाग में 11 नए पद, खनन फीस 15 प्रतिशत
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इस तरह विभाग में कुल 11 नए पद स्वीकृत किए गए हैं।
खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की फीस दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, खनिज रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है। वहीं, चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी।
राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्था में भी बदलाव
राजस्व विभाग की अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित होगी।
उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और आईटी से जुड़े पदों को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को स्वीकृति मिली। राज्य में निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों से एनएचआईडीसीएल को हटाने का फैसला लिया गया है। पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट के इन 23 फैसलों में वन भूमि पर बसी आबादी, सरकारी भर्ती, कर्मचारियों के मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी यातायात और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है। इन निर्णयों के बाद संबंधित प्रस्तावों पर आगे की कार्यवाही का रास्ता खुलेगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (27 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी में बड़ी चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 5 तोला सोना और 2.30 लाख रुपये बरामद; इलेक्ट्रीशियन गिरफ्तार