नैनीताल: युवती के साथ घूमने आए युवक की होटल में सन्दिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, मचा हड़कंप
नैनीताल। उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल नैनीताल में एक 20 वर्षीय युवक की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवक अपनी महिला मित्र के साथ घूमने आया था। देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पौड़ी गढ़वाल के सतपुली निवासी सुमित सिंह (पुत्र दिनेश सिंह) के रूप में हुई है। वह शनिवार देर शाम अपनी महिला मित्र के साथ तल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरा था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात उसकी हालत अचानक खराब हो गई। कमरे में मौजूद युवती ने शोर मचाया, जिसके बाद होटल स्टाफ की मदद से उसे तत्काल बी.डी. पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि युवक को लाए जाने तक उसकी मृत्यु चुकी थीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दवाओं के संभावित ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। कमरे से दवा के रैपर और एक सिरप बरामद हुआ है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
युवती ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि दोनों परिजनों को जानकारी देकर ही नैनीताल घूमने आए थे। तबीयत बिगड़ने पर उसने तुरंत दोनों परिवारों को सूचना दी। रविवार सुबह परिजन नैनीताल पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। होटल स्टाफ से पूछताछ की गई है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!