भीमताल में स्वास्थ्य और परिवहन संकट पर प्रशासन सख्त, रोडवेज बस अड्डा और अस्पताल सुविधाओं की समीक्षा बैठक
भीमताल। पर्यटन नगरी भीमताल की दो प्रमुख और वर्षों पुरानी मांगों—चिकित्सा सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था—को लेकर विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला विकास अधिकारी गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें चिकित्सा, परिवहन, राजस्व विभाग, नगर पालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक की पृष्ठभूमि में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी द्वारा हाल ही में मुख्यमंत्री के नाम मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें रोडवेज परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई गई थी।
बैठक के दौरान भीमताल की करीब दो दशक पुरानी मांग रोडवेज बस अड्डा निर्माण को लेकर परिवहन और राजस्व विभाग से अब तक की कागजी कार्यवाही और भूमि चयन की जानकारी मांगी गई, लेकिन अधिकारी कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर जिला विकास अधिकारी ने दोनों विभागों को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
परिवहन व्यवस्था को लेकर राज्य आंदोलनकारी बी.डी. पलड़िया ने हल्द्वानी से भीमताल के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की मांग रखी, जिस पर परिवहन विभाग ने फिलहाल दो बसें बढ़ाने और नई बसें आने पर नौकुचियाताल, भीमताल और नैनीताल रूट पर सेवाएं बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बैठक में स्थानीय निवासी रमेश पलड़िया ने बोहराकुन के पास पिछले वर्ष रोडवेज बस दुर्घटना से क्षतिग्रस्त हुए ग्रामीण मार्ग का मुद्दा उठाया। इस पर जिला विकास अधिकारी ने आपदा मद से मार्ग निर्माण के लिए पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ की तैनाती, अल्ट्रासाउंड मशीन, डायलिसिस सुविधा, पुराने जर्जर भवन के पुनर्निर्माण और एम्बुलेंस सेवाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। जिला विकास अधिकारी ने चिकित्सा विभाग को व्यवस्थाओं में सुधार कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, साथ ही उप जिला अस्पताल के लिए भूमि चयन के निर्देश राजस्व विभाग को दिए।
इसके अलावा नगर पालिका को स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और आवारा कुत्तों की रोकथाम के निर्देश भी दिए गए। जिला विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभागों को कागजी कार्यवाही के साथ प्रगति रिपोर्ट देनी होगी, जिसकी अगली समीक्षा बैठक जल्द आयोजित की जाएगी।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी, बी.डी. पलड़िया, मधुसूदन मिश्रा, गणेश पंत, रमेश पलड़िया, नरेश वर्मा, शुभम कुमार, डॉ. हेमंत महतोलिया, राहुल कुमार, महेंद्र धौनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित