नैनीताल में युवक की आत्महत्या के बाद बड़ा एक्शन: चौकी प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
नैनीताल। खैरना क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने खैरना चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को बालम सिंह बिष्ट खैरना क्षेत्र में नदी और पहाड़ियों का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। पुलिस का कहना है कि बालम नशे की हालत में थे, जिसके बाद उनका मेडिकल कराया गया और पुलिस एक्ट में चालान कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद बालम सिंह बिष्ट मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी बहन मुन्नी जलाल और जीजा को फोन कर पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। साथ ही पांच हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया।
बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव के चलते बालम सिंह बिष्ट ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें अपनी मौत के लिए पुलिसकर्मियों के व्यवहार को जिम्मेदार ठहराया गया है।
मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जांच प्रभावित न हो, इसलिए यह कार्रवाई की गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!