बड़ी खबर! लालकुआं में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा; एक किलो से अधिक चरस के साथ बिंदुखत्ता का युवक गिरफ्तार, दो फरार
लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दूचौड़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1.022 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार हिरन बाबा मंदिर क्षेत्र के पास कुछ लोगों द्वारा चरस की खरीद-फरोख्त किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि दो अन्य युवक पुलिस को देखकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम सिंह दानू निवासी इंदिरानगर प्रथम, बिंदुखत्ता के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 1.022 किलोग्राम चरस बरामद की गई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त आल्टो कार को भी जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चरस की बिक्री करता था और इससे होने वाले मुनाफे को आपस में बराबर बांट लेते थे। फरार आरोपियों की पहचान दीपक दानू और गोपाल नाथ गोस्वामी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (12 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड: धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, इन फैसलों पर लगी मुहर….