निर्माणाधीन इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत, पुलिस जांच में जुटी
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत के नीचे 52 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के गोबिंदगढ़ निवासी पंकज मित्तल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत इमारत की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण हुई। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सुबह छह बजे मिली शव पड़े होने की सूचना
पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे एटीएस कॉलोनी के पास एक इमारत में व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी रक्तस्राव हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच की गई और मौके से साक्ष्य जुटाए गए।
डेढ़ साल से देहरादून में रह रहे थे पंकज मित्तल
पुलिस के मुताबिक, पंकज मित्तल पिछले करीब डेढ़ साल से देहरादून में रह रहे थे। वह प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ इमारतों के निर्माण कार्य से भी जुड़े हुए थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वह निर्माणाधीन इमारत की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरे थे। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, सभी पहलुओं से जांच
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई थी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम: 26 दिन बाद इंडिया गठबंधन का क्रमिक अनशन स्थगित, हरीश रावत ने जूस पिलाकर कराया समाप्त, अब देहरादून में…..
गैरसैंण में विधानसभा सत्र शुरू, पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी और पूर्व मंत्री बिष्ट को दी श्रद्धांजलि
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की समस्याओं पर संजय पाण्डे ने उठाई आवाज, रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था का आश्वासन
आज का राशिफल (27 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!