बिंदुखत्ता: वन अधिकार संगठन की “चाय पर चर्चा” में बड़ा ऐलान, राजस्व ग्राम की मांग को लेकर संघर्ष होगा और तेज
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग को लेकर वन अधिकार संगठन द्वारा आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जागरूक नागरिकों, संगठन पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए राजस्व ग्राम और वन अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया।
पुराना बिंदुखेड़ा निवासी सूबेदार केदार सिंह बिष्ट के आवास पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वन अधिकार संगठन लंबे समय से बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में 50 हजार से अधिक मतदाता गैर-राजस्व भूमि पर निवास कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
बैठक में सभी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से अपील की गई कि आगामी विधानसभा चुनाव में वन भूमि पर बसे परिवारों में से किसी योग्य व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए। वक्ताओं ने कहा कि यदि आचार संहिता लागू होने से पहले राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी नहीं होती है और किसी वनवासी को टिकट नहीं दिया जाता है, तो वन अधिकार संगठन स्वयं अपना प्रत्याशी मैदान में उतारने पर विचार कर सकता है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 19 जून 2026 को राजस्व ग्राम संबंधी दावों की स्वीकृति के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा न्यायालय की शरण लेने के विकल्प पर भी चर्चा हुई, जिस पर अंतिम निर्णय आगामी बैठकों में जनमत के आधार पर लिया जाएगा।
संगठन ने पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत मौसम अनुकूल होने पर जिला मुख्यालय का घेराव करने और उसके बाद देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आमरण अनशन शुरू करने की तैयारी की घोषणा की। साथ ही बूथ स्तर पर कम से कम 10-10 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सूची तैयार करने का निर्णय भी लिया गया।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राजस्व ग्राम आंदोलन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है, जिससे संगठन का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से “चाय पर चर्चा” जैसे जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में सूबेदार खिलाफ सिंह दानू, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, सूबेदार केदार सिंह बिष्ट, सूबेदार बलवंत सिंह बिष्ट, अर्जुन नाथ गोस्वामी, एडवोकेट बलवंत सिंह बिष्ट, भुवन भट्ट, गोविंद बोरा, सुंदर बिष्ट, दर्शन सिंह, रमेश सुयाल, एस.डी. मेलकानी, तारा दत्त जोशी, दीपक नेगी, भूपेश जोशी, धन सिंह गड़िया, प्रदीप कुंवर, गोबिंद सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


हल्द्वानी में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अब पुल निर्माण की राह होगी आसान
उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बस को मारी टक्कर, एक महिला की मौत, 31यात्री घायल
आज का राशिफल (01 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!