लालकुआं में लाइनमैन की मौत से बवाल: सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल, ठेकेदार और विभाग पर गंभीर आरोप…

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआ। क्षेत्र के बबूर गुमटी रेलवे क्रॉसिंग के पास बिजली लाइन पर काम के दौरान पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए लाइनमैन प्रेम सिंह कोरंगा की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के संजय नगर गौला गेट निवासी प्रेम सिंह कोरंगा मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बबूर गुमटी क्षेत्र में बिजली लाइन दुरुस्त करने के लिए पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर राममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट और ब्रेन हैमरेज के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बाद उन्हें सूचना दी गई। उनका कहना है कि घटना दोपहर में हुई, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी शाम करीब साढ़े चार बजे दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि शुरू में मामले को दबाने की कोशिश भी की गई।

स्थानीय लोगों और परिवार ने कार्य करा रहे ठेकेदार और सुपरवाइजर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि काम JDM Enterprises के अंतर्गत कराया जा रहा था। आरोप है कि लाइनमैन को जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए और लगातार दबाव बनाकर काम कराया जा रहा था।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें समय पर स्पष्ट चिकित्सकीय दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर संदेह और बढ़ गया है।

हादसे के बाद लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है।