लालकुआँ में ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक का भव्य विमोचन, आस्था और इतिहास को मिला नया स्वरूप

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआँ। लालकुआँ स्थित प्राचीन माँ अवंतिका मंदिर को केंद्र में रखकर वरिष्ठ पत्रकार रमाकांत पंत द्वारा लिखित पुस्तक ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ का शनिवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह में विमोचन किया गया। सेंचुरी मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय कुमार गुप्ता ने माँ अवंतिका मंदिर परिसर में पुस्तक का विमोचन कर इसे समाज और श्रद्धालुओं को समर्पित किया।

विमोचन समारोह से पूर्व क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने सपत्नीक पुस्तक का विधि-विधान के साथ पूजन कर माँ अवंतिका का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में धर्म, समाज और उद्योग जगत से जुड़ी अनेक गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सेंचुरी मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि माँ अवंतिका मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, ऊर्जा और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है। उन्होंने कहा कि लेखक रमाकांत पंत ने पुस्तक के माध्यम से माँ अवंतिका के आध्यात्मिक महत्व, इतिहास और जनआस्था को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करेगी।

सेंचुरी मिल के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने पुस्तक को क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह कृति समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संचार करेगी।

माँ अवंतिका मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने कहा कि मंदिर और श्रद्धालुओं के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि माँ अवंतिका के इतिहास, महिमा और आस्था को समर्पित इतनी विस्तृत और प्रामाणिक पुस्तक प्रकाशित हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी मार्गदर्शक साबित होगी।

कार्यक्रम में दिगंबर अखाड़ा अयोध्या से पधारे संत देवदास महाराज, आचार्य पंडित चंद्रशेखर जोशी, चंद्रा खाती, गोपाल दत्त जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पुस्तक की विषयवस्तु और माँ अवंतिका मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।