नैनीताल में दिल दहला देने वाली घटना: मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई महिला को तेंदुए ने बनाया शिकार
नैनीताल। जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा क्षेत्र में तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। यह घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब महिला मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थी।
मृतका की पहचान हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक महिला पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर उनका देवर मौके पर पहुंचा और तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तेंदुआ महिला को जंगल में ले जाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने जंगल में खोजबीन शुरू की, जहां कुछ ही दूरी पर महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद वन विभाग और प्रशासन को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
महिला की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर आक्रोश है और तेंदुए को जल्द पकड़ने के साथ क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की जा रही है। लगातार गुलदार की गतिविधियों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर डीएफओ नैनीताल आकाश गंगवार और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


देहरादून में SSC परीक्षा घोटाले का बड़ा खुलासा: MKP कॉलेज के ऑनलाइन सेंटर से रिमोट एक्सेस से हल हो रहे थे पेपर, STF की बड़ी कार्रवाई
उत्तराखंड में कोचिंग संचालक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस बोली– सख्त कार्रवाई होगी
आज का राशिफल 2026: मेष से मीन तक जानें करियर, धन, सेहत और वैवाहिक जीवन की भविष्यवाणी