लालकुआं: नाबालिग से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन का दबाव और AI वीडियो की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
लालकुआं। क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और एआई तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पीड़िता ने 29 अप्रैल 2026 को कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर बताया कि करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी के जरिए उससे संपर्क किया गया। शुरुआत में आरोपी ने खुद को लड़की बताकर बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे पीड़िता का भरोसा जीतते हुए उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी लगातार फोन के जरिए संपर्क में रहा।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन छेड़छाड़ की और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने एआई तकनीक की मदद से अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी। घटना के समय पीड़िता नाबालिग होने के कारण मामला और भी गंभीर हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली लालकुआं में मुकदमा संख्या 69/26 के तहत बीएनएस की धारा 78/79 और पोक्सो अधिनियम की धारा 7/8 में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम-2022 की धाराएं भी जोड़ी गईं।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 मई 2026 को आरोपी इब्राहिम (27 वर्ष), निवासी ग्राम सरकरा, थाना बाजपुर, जनपद उधम सिंह नगर को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि जनपद में धर्मांतरण से जुड़े अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बड़ी खबर! उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, प्रताड़ना और हत्या की साजिश के आरोप
आज का राशिफल (16 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
पिथौरागढ़ में नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया जागरूक, बैंकिंग योजनाओं से लेकर साइबर ठगी से बचाव तक दी जानकारी