लालकुआं: मांगों को लेकर भोजनमाताओं ने किया प्रदर्शन, विधायक को सौंपा ज्ञापन
लालकुआं, 4 अक्टूबर 2026। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भोजनमाताओं ने रविवार को प्रगतिशील भोजनमाता संगठन यूनियन के बैनर तले प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़ी भोजनमाताएं लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट के आवास पर पहुंचीं और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की। विधायक ने भोजनमाताओं को उनकी मांगों को विधानसभा सत्र में उठाने का आश्वासन दिया।

संगठन की बसंती ने कहा कि भोजनमाताएं पिछले 20-21 वर्षों से सरकारी और अर्धसरकारी विद्यालयों में भोजन बनाने का काम कर रही हैं, लेकिन इतने लंबे समय के बावजूद उनकी स्थिति असुरक्षित और अस्थिर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मौकों पर मुख्यमंत्री के समक्ष भी समस्याएं और मांगें रखी गई हैं, लेकिन अभी तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।
संगठन की गीता कश्यप ने आरोप लगाया कि भोजनमाताएं कई स्तरों पर काम करती हैं, इसके बावजूद कभी विद्यार्थियों की संख्या कम होने, कभी बच्चों के स्कूल में नहीं पढ़ने और कभी विद्यालयों के विलयीकरण का हवाला देकर उन्हें नौकरी से हटाने या हटाने की धमकी देने की स्थिति सामने आती है। उन्होंने इसे मानसिक उत्पीड़न बताया।
भोजनमाता सरस्वती ने कहा कि उनका मानदेय पिछले चार वर्षों से 3,000 रुपये पर अटका हुआ है। उनका कहना है कि यह राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन के एक तिहाई से भी कम है। उन्होंने भोजनमाताओं को कर्मचारी का दर्जा देने और सम्मानजनक वेतन की मांग उठाई।
भोजनमाता नंदी ने कहा कि सरकार की नीतियों में समानता की बात की जाती है, लेकिन भोजनमाताओं के मानदेय और अन्य कर्मचारियों के वेतन में बड़ा अंतर है। वहीं राधा ने विधायकों के वेतन-भत्तों में हुई बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए भोजनमाताओं की आर्थिक स्थिति में सुधार की मांग की।
संगठन की महामंत्री रजनी ने कहा कि भोजनमाताएं लंबे समय से न्यूनतम वेतन और स्थायी नौकरी की मांग को लेकर संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने विधायक से मांगों को विधानसभा में उठाने और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने की मांग की।
प्रदर्शन में कविता, गंगा, रोशनी, तारा देवी, हेमा पाठक, दीपा पवार, धर्मा देवी, मुन्नी देवी, तुलसी, हंसी देवी, जानकी देवी समेत कई भोजनमाताएं शामिल रहीं। वहीं प्रगतिशील महिला एकता केंद्र से पुष्पा, बिंदु गुप्ता, काजल, पिंकी और आशा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: धामी कैबिनेट के बड़े फैसले, लालकुआं की जमीन से लेकर युवाओं की स्किलिंग तक इन प्रस्तावों पर लगी मुहर, पढ़ें विस्तार से….
उत्तराखंड: आज यहां होने जा रही है धामी कैबिनेट की बैठक, किन फैसलों पर लगेगी मुहर? टिकी सबकी नजर
पिथौरागढ़: आंगन में खेल रहे 10 साल के मासूम को गुलदार उठा ले गया, झाड़ियों में मिला शव