जनगणना-2027 के लिए मुकेश बोरा का बड़ा अभियान, 710 दुग्ध समितियों से जुड़ेंगे 34 हजार परिवार
स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए दुग्ध समितियों के सचिवों को भेजे जाएंगे पत्र, 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे परिवार का विवरण
लालकुआं। जनगणना-2027 को लेकर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने जागरूकता अभियान की पहल की है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने जनपद की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों तक जनगणना का संदेश पहुंचाने की योजना बनाई है। इसके तहत दुग्ध उत्पादकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस संबंध में नैनीताल दुग्ध संघ में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के तहत संचालित स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दुग्ध समितियों के माध्यम से जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़ी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों और कर्मचारियों के सहयोग से लगभग 34 हजार परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाएगी। इसके लिए समितियों के सचिवों को लिखित पत्र भेजकर दुग्ध उत्पादकों को स्व-गणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण और इसके महत्व के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया जाएगा।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने दुग्ध समितियों के सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से भी उत्पादकों और उनके परिवारों को जागरूक करने की अपील की। साथ ही दुग्ध उत्पादकों से स्वयं स्व-गणना में भाग लेने और अपने रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
मुकेश बोरा ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस एवं जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में बड़ा हादसा: हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही बस खाई में गिरी, 8 की मौत, रेस्क्यू जारी