लालकुआं के कूड़ा प्रबंधन मॉडल का देशभर में बजा डंका, राष्ट्रीय स्तर पर मिला पहला पुरस्कार; केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित
लालकुआं। स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में लालकुआं नगर पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। घर-घर कूड़ा संग्रहण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए संचालित ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह की पहल को देशभर में सराहना मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की ओर से आयोजित ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अन्य नगरीय निकाय’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है।
देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन सम्मेलन’ के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से नगर पंचायत और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
गुलमोहर समूह की पहल ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान
लालकुआं की इस उपलब्धि के पीछे ‘गुलमोहर’ पुरुष स्वयं सहायता समूह की अहम भूमिका रही है। नगर पंचायत की पहल पर गठित इस समूह के सदस्य घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने और उसके व्यवस्थित प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस व्यवस्था से न केवल नगर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के अवसर भी मिले हैं।
नियमित कूड़ा संग्रहण, सामुदायिक सहभागिता और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन के इस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। इसी कार्यप्रणाली के आधार पर लालकुआं को देशभर के नगरीय निकायों के बीच विजेता चुना गया।
केंद्रीय मंत्री ने प्रदान की ट्रॉफी और प्रमाण पत्र
सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बीसी भट्ट, सभासद भुवन पांडे और धन सिंह बिष्ट तथा ठाकुर सिंह ने प्रतिभाग कर पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश झा, अपर सचिव एवं निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी, भारत सरकार की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद, राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की निदेशक डॉ. देवोलिना कुंडू और राज्य मंत्री पुनीत मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम: अध्यक्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय सम्मान नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, गुलमोहर समूह के सदस्यों और समस्त नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
लालकुआं की इस उपलब्धि ने उत्तराखंड के अन्य नगरीय निकायों के सामने भी एक मिसाल पेश की है। गुलमोहर समूह का मॉडल साबित करता है कि सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय प्रयासों से कूड़ा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था विकसित कर राष्ट्रीय पहचान हासिल की जा सकती है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गूगल में 61.36 लाख के पैकेज पर चयनित कार्तिकेय को ग्राफिक एरा ने किया सम्मानित, मिला एक लाख का नकद पुरस्कार