लालकुआं: नैनीताल दुग्ध संघ की 245 समितियों में चुनाव संपन्न, 238 में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। अधिकांश समितियों में निर्विरोध निर्वाचन होने से दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों में उत्साह देखने को मिला।
कुल 245 समितियों में से 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि सात समितियों में चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
मुकेश बोरा लगातार 12वीं बार तो गोविंद सिंह मेहता तीसरी निर्विरोध निर्वाचित
नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं।
वहीं दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता बिन्दुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति और संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
बिन्दुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं बोरिंग पट्टा दुग्ध समिति से जगदीश पंत ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। इन परिणामों के बाद समितियों के चुनावी समीकरणों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत एवं अभिनंदन का सिलसिला जारी है। निर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर बधाई दी जा रही है।
नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा समेत संघ के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई। इस दौरान भाजपा नेता रमेश कुनियाल समेत कई भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, दुग्ध उत्पादक और समिति सदस्य भी मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, इन फैसलों पर लगी मुहर….
आज का राशिफल (11 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!