लालकुआं: परिवार को रिश्तेदारी में जाना पड़ा महंगा, बंद घर से लाखों के जेवरात और कीमती सामान गायब
लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के ग्राम दुर्गापालपुर परमा फेस-1 में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता उस समय चला जब रिश्तेदारी से वापस लौटे परिजनों ने घर का ताला टूटा देखा। घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार कमला बिष्ट का परिवार कुछ दिनों के लिए रिश्तेदारी में गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल डाला। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
परिवार जब वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों का सामान अस्त-व्यस्त था। यह दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!