लालकुआं: ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर पुलिस से भिड़े नगर पंचायत अध्यक्ष, अभद्रता और शराब की दुकानों में ओवररेटिंग के लगाए आरोप,…देखें वीडियो
सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, एसएसपी पर फोन नहीं उठाने का आरोप; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
लालकुआं। नगर में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही और शराब की दुकानों में कथित ओवररेटिंग को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने लालकुआं कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को संरक्षण देने और शिकायत करने पर उनके साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर संचालित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई है। अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
विद्युत पोल को टक्कर मारने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के अनुसार, नगर की सड़क से गुजर रही एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और इसकी शिकायत लालकुआं कोतवाली पुलिस से की।
आरोप है कि पुलिस ने संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे मौके से जाने दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता भी की। अध्यक्ष का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि की शिकायत पर ही कार्रवाई नहीं हो रही है तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?
शराब की दुकानों में ओवररेटिंग पर भी उठाए सवाल
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कोतवाली के समीप संचालित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों में खुलेआम ओवररेटिंग होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। कोतवाली से इतनी नजदीक दुकानों पर कथित ओवररेटिंग होना भी कई सवाल खड़े करता है।
लोटनी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को छह से अधिक बार फोन किया, लेकिन उनका फोन तक नहीं उठाया गया। उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल बोले- लिखित शिकायत दें, नियमानुसार होगी कार्रवाई
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष के आरोपों पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मौके पर आपसी विवाद को शांत कराने के उद्देश्य से ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहां से रवाना किया गया था। यदि नगर पंचायत अध्यक्ष संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं तो वह लिखित शिकायत दें, पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
शराब की दुकानों में ओवररेटिंग के आरोपों पर कोतवाल ने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग से शिकायत की जानी चाहिए, ताकि नियमानुसार कार्रवाई हो सके।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल, ओवरलोड वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी
नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पोस्ट पर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर की सड़कों पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही लगातार खतरा बन रही है और इन पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
गौरतलब है कि दीपावली से पहले भी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हाईवे के डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का विद्युत पोल सड़क पर गिर गया था। हादसे के चलते आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा था। गनीमत रही कि उस दौरान वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार दंपति बाल-बाल बच गए थे।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे लोटनी
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने दोहराया कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई और शराब की दुकानों में कथित ओवररेटिंग जैसे जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (11 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!