लालकुआं: कोतवाल के खिलाफ चेयरमैन लोटनी का मोर्चा, कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे; वार्ता विफल, सफाई बंद करने का ऐलान
हल्द्वानी सीओ के साथ वार्ता भी नहीं निकली समाधान, पूर्व सैनिक संगठन और नगर के गणमान्य लोगों ने दिया समर्थन; एसएसपी से कोतवाल को हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग
लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली प्रभारी के बीच शुरू हुआ विवाद अब आर-पार की लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले चेयरमैन लोटनी अब कोतवाल के खिलाफ खुलकर मैदान में उतर आए हैं। कोतवाली प्रभारी पर अभद्रता और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में पूर्व सैनिक संगठन सहित कई गणमान्य लोगों ने कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर दिया। वहीं, हल्द्वानी सीओ के साथ हुई वार्ता भी बेनतीजा रहने के बाद चेयरमैन ने नगर की सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान कर दिया है।
कोतवाल पर अभद्रता और धक्का-मुक्की का आरोप
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भेजे शिकायती ज्ञापन में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे आजाद नगर वार्ड नंबर चार में सीओ कार्यालय रोड स्थित सिद्धार्थ ऑप्टिकल के समीप पराल से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विद्युत पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलने पर चेयरमैन तत्काल मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को वाहन रोकने के लिए कहा। आरोप है कि काफी देर बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने घटना की जानकारी लेने के बजाय उनके साथ अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया। लोटनी ने कोतवाल पर धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया है।
कोतवाली के बाहर धरना, पूर्व सैनिक संगठन ने संभाला मोर्चा
घटना से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष ने कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर दिया। उनके समर्थन में पूर्व सैनिक संगठन और नगर के कई गणमान्य लोग भी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली प्रभारी के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। चेयरमैन का कहना है कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल उनके सम्मान बल्कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा का भी सवाल है।
सीओ पहुंचे लालकुआं, वार्ता रही बेनतीजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी क्षेत्राधिकारी सीओ शर्मा लालकुआं कोतवाली पहुंचे। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी से बातचीत कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद धरना समाप्त नहीं हुआ और आंदोलन को लेकर चेयरमैन ने अपना रुख और सख्त कर दिया।
सफाई व्यवस्था बंद करने का ऐलान, पुलिस प्रशासन में हलचल
वार्ता बेनतीजा रहने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर की सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान किया है। इससे पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित कोतवाल को हटाने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अब लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच बढ़ते विवाद पर सभी की निगाहें टिकी हैं। देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या धरने पर बैठे चेयरमैन की मांगों पर कोई समाधान निकल पाता है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (11 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!