लालकुआं: समाज सेवा की आड़ में रंगदारी का आरोप, 5000 रुपये नहीं देने पर व्यापारी से सरेराह मारपीट; स्वघोषित अध्यक्ष पर FIR
हल्दूचौड़ में राखी की दुकान लगाने वाले व्यापारी को अतिक्रमण के नाम पर धमकाने का आरोप, SC/ST एक्ट में फंसाने की भी दी चेतावनी; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
लालकुआं। नैनीताल जिले के लालकुआं और हल्दूचौड़ क्षेत्र में समाज सेवा की आड़ में कथित वसूली और दबंगई का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। स्वघोषित दिव्यांग सर्वजन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर लाल पर एक छोटे व्यापारी से 5000 रुपये की रंगदारी मांगने, रुपये देने से इनकार करने पर सरेआम मारपीट करने और एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में लालकुआं कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला हल्दूचौड़ क्षेत्र का है, जहां रक्षाबंधन के अवसर पर व्यापारी राजू कुमार ने महालक्ष्मी ज्वैलर्स के सामने राखी की अस्थाई दुकान लगाई थी। दर्ज एफआईआर के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 की शाम शंकर लाल अपने ई-रिक्शा से व्यापारी की दुकान पर पहुंचा और अतिक्रमण का हवाला देते हुए 5000 रुपये की मांग की। व्यापारी ने जब रुपये देने से इनकार किया तो कथित तौर पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और सरेआम थप्पड़ मारने लगा।
विरोध करने पर मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
व्यापारी की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाते हुए उसे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी। इसी दौरान एक टैक्सी से पहुंचे कुछ अन्य लोगों पर भी व्यापारी के साथ मारपीट करने का आरोप है। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने राजू कुमार को गाड़ी के पास खींचकर उसके साथ मारपीट की। घटना से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है।
वायरल वीडियो और शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
घटना से संबंधित मारपीट का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। मामले को लेकर व्यापारी की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को आरोपी शंकर लाल के खिलाफ एफआईआर संख्या 0174 दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी को सौंपी गई जांच
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, मारपीट से जुड़े वीडियो और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के व्यापारियों ने ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (11 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!