हल्द्वानी-: दीपावली की छुट्टी पर घर जा रहे युवक को टैक्सी का झांसा देकर लूटा, दो गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

दीपावली की छुट्टी पर घर जा रहा था पिथौरागढ़ का युवक, आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और नकदी लूटकर हुए थे फरार; पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामदगी की

हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टियों में घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर सुनसान जगह ले जाना और फिर लूटपाट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। हल्द्वानी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की कान की बाली, हेडफोन और 5 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

चंडीगढ़ से घर लौट रहा था युवक, रास्ते में बनाया शिकार

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (10 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

पुलिस के मुताबिक, बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं। दीपावली की छुट्टियों में अपने घर जाने के लिए वह 7 नवंबर 2026 को बस से हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय दो अज्ञात युवक उनसे मिले।

दोनों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर मुकेश को अपने साथ चलने के लिए कहा। आरोप है कि दोनों युवक उन्हें टैक्सी तक पहुंचाने के बजाय एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उनसे आईफोन, 7 हजार रुपये नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूट ली और फरार हो गए।

100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026, धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: समाज सेवा की आड़ में रंगदारी का आरोप, 5000 रुपये नहीं देने पर व्यापारी से सरेराह मारपीट; स्वघोषित अध्यक्ष पर FIR

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।

रेलवे क्रॉसिंग के पास से दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने 9 नवंबर 2026 को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बबलू सिंह और सूरज आर्य पुत्र यशपाल आर्य, दोनों निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता: लोकगायिका कमला देवी से मिले भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, लोकगीत सुनकर हुए मंत्रमुग्ध

लूटा गया सामान बरामद, मुकदमे में बढ़ाई गई धारा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का एक आईफोन, पीली धातु की एक छोटी कान की बाली, 5 हजार रुपये नकद और एक हेडफोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतबीर सिंह शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad