रक्षाबंधन पर बिंदुखत्ता में बड़ा हादसा, सिलेंडर लीकेज से घर में लगी भीषण आग; लाखों का सामान राख

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। रक्षाबंधन के दिन बिंदुखत्ता के राजीव नगर, बोरिंगपट्टा में शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर लीकेज से एक घर में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में टीवी, फ्रिज, पंखे, बिस्तर, बर्तन और बिजली की वायरिंग समेत घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।

हादसे के वक्त घर में मौजूद थीं दोनों बेटियां
घटना बुद्धि बल्लभ जोशी के घर की है। बताया गया कि उनकी पत्नी गंभीर बीमारी के चलते सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि घटना के समय बुद्धि बल्लभ भी अस्पताल में मौजूद थे। घर में उनकी दोनों बेटियां थीं। आग लगते ही दोनों किसी तरह बाहर निकल आईं और बाल-बाल बच गईं।

सुबह लगाया था नया सिलेंडर, कुछ देर बाद भड़की आग
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे नया गैस सिलेंडर घर में लगाया गया था। बताया गया कि सिलेंडर के वाल्व की पिन निकलने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसी दौरान घर के मंदिर में जल रहे दीपक के संपर्क में गैस आने से अचानक आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि रसोई में रखा सिलेंडर आग के गोले में बदल गया और उछलकर बरामदे में जा गिरा। आग की लपटें देखकर दोनों बेटियां घर से बाहर निकल आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

दमकल ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू
सूचना मिलते ही बिंदुखत्ता चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से फ्रिज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका कंप्रेसर भी फट गया।

आग में टीवी, फ्रिज, पंखे, बिजली की वायरिंग, बिस्तर, बर्तन समेत घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

एजेंसी संचालक भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर सुरुचि इंडियन गैस सर्विस, लालकुआं के संचालक पंकज सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद प्रथमदृष्टया रेगुलेटर के सही तरीके से फिट न होने के कारण गैस रिसाव की आशंका जताई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिवार पहले से संकट में, अब प्रशासन से मदद की मांग
परिजनों के अनुसार परिवार पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहा है। बुद्धि बल्लभ जोशी की पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं और अब अग्निकांड में घर का अधिकांश सामान जल जाने से परिवार के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की जांच कराकर नुकसान का आकलन करने और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से किया संवाद, ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ पर जानी युवाओं की सोच
Ad Ad Ad Ad