नैनीताल हादसा: हल्द्वानी-मुक्तेश्वर मार्ग पर खाई में गिरी मैक्स, 2 की मौत; 4 घायल
नैनीताल/मुक्तेश्वर। जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हल्द्वानी से दूदूली की ओर जा रही एक मैक्स वाहन गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दूदूली के पास एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई हरिराम पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि मैक्स वाहन संख्या UK04TA1446 हल्द्वानी से दूदूली की ओर जा रहा था। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। दूदूली के समीप पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल खाई से निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी पदमपुरी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लता देवी (40 वर्ष) पत्नी दिनेश चंद्र और हरीश चंद्र बेलवाल निवासी ग्राम दूदूली के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में घायल दिनेश चंद्र (48 वर्ष), वाहन चालक कमल शर्मा (23 वर्ष), नेहा बेलवाल (17 वर्ष) और सुभाष बेलवाल (13 वर्ष) का उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस बीच नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्दूचौड़ में सड़क नहीं, रफ्तार बन रही जान की दुश्मन; आखिर कब सुधरेंगे बेतरतीब वाहन चलाने वाले?