नैनीताल: डीएम की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर बीडीओ पर गिरी गाज; पद से हटाया गया
नैनीताल। जनहित और प्रशासनिक पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने एक और सख्त कदम उठाया है। विकासखंड ओखलकांडा में तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) देशराज को विभागीय लापरवाही के आरोपों में पद से हटा दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीडीओ देशराज के खिलाफ विभागीय कार्यों में लापरवाही और जिम्मेदारियों के निर्वहन में उदासीनता की शिकायतें सामने आई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे को जांच के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कराई गई विस्तृत जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि शासकीय कार्यों के निर्वहन में लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरती जा रही थी। इसके बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया।
आदेश के तहत देशराज को खंड विकास अधिकारी पद से हटाकर सहायक खंड विकास अधिकारी (एबीडीओ) के पद पर स्थानांतरित करते हुए विकासखंड रामनगर में संबद्ध किया गया है। वहीं प्रशासनिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कुंवर सिंह सामंत, सहायक खंड विकास अधिकारी रामनगर को ओखलकांडा में प्रभारी बीडीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करना होगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्दूचौड़ में सड़क नहीं, रफ्तार बन रही जान की दुश्मन; आखिर कब सुधरेंगे बेतरतीब वाहन चलाने वाले?