नैनीताल: यहां पुलिस और वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; 15 मुकदमों का है आरोपी

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल/रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान जंगल में छिपे चंदन सागर ने घेराबंदी कर रही पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, चंदन सागर के खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही थी। इसी दौरान वह हाथी बगड़ वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भागकर छिप गया।

पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिसकर्मियों और पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

फायरिंग की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे जंगल को घेरकर बदमाश की तलाश शुरू की। इसी दौरान हुई जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लग गई।

गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है।

SSP नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: कर्मशीलता, सुरक्षा और अनुशासन ही सच्ची स्वतंत्रता, ITC पेपर मिल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
Ad Ad Ad Ad