नैनीताल: गैस सिलेंडर अब घर-घर पहुंचेंगे, प्रशासन ने एजेंसी से सीधे वितरण पर लगाई रोक
नैनीताल, 13 मार्च 2026। जनपद नैनीताल में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं के दौरान अत्यधिक फोन कॉल आने से तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने और समय पर सिलेंडर वितरण में दिक्कतें आने की आशंका बनी हुई है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण एजेंसी परिसर से सीधे न किया जाए। इसके बजाय उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को घर बैठे सुरक्षित और आसानी से गैस मिल सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी जा सकते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग के बाद नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!