नैनीताल में आदमखोर की दहशत: तीन विकासखण्डों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे तीन दिन बंद,….आदेश जारी
नैनीताल। जनपद नैनीताल के पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं और आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकासखण्ड धारी, ओखलकाण्डा एवं रामगढ़ में संचालित सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत इन तीनों विकासखण्डों में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय अवकाश रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि इन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों को विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुनसान रास्तों, पगडंडियों और वन क्षेत्रों से होकर आना-जाना पड़ता है। ऐसे में वन्यजीवों की सक्रियता के बीच बच्चों की जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ है।
आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश अवधि के दौरान किसी भी बच्चे को विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र में न बुलाया जाए। साथ ही वन विभाग, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि हालात सामान्य होने पर आगे के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। वहीं मुख्य शिक्षाधिकारी, जनपद नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि इस आदेश की सूचना समय रहते सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी