31st की पार्टी में पत्नी बन गई ‘सरप्राइज’: प्रेमिका संग नैनीताल पहुंचे पति का खुलासा, फिर……

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल में 30 दिसंबर की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पति प्रेमिका के साथ न्यू ईयर पार्टी मनाने पहुंचा और पीछे-पीछे पत्नी भी आ धमकी। तल्लीताल डांठ चौराहे पर पति-पत्नी और ‘वो’ के बीच ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ कि राह चलते लोग तमाशबीन बन गए और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

गाजियाबाद निवासी युवक अपनी प्रेमिका को नैनीताल घुमाने लाया था और 31st सेलिब्रेशन की तैयारी में था। इसी दौरान पत्नी को इसकी भनक लग गई और वह अपने परिजनों के साथ नैनीताल पहुंच गई। तलाश करते हुए पत्नी ने तल्लीताल डांठ के पास पति की कार पहचान ली और बीच चौराहे पर कार रुकवाकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया।

गुस्से में पत्नी और उसके स्वजनों ने युवक की कार का शीशा तोड़ दिया। सड़क पर चीख-पुकार और आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर प्रेमिका कार से उतरकर मौके से फरार हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात पर काबू पाया। पति-पत्नी और परिजनों को पुलिस चौकी लाया गया, जहां करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। पत्नी ने पति पर मारपीट और दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने के गंभीर आरोप लगाए, वहीं पति ने पत्नी और उसके स्वजनों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बताया कि दोनों के बीच तलाक का मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है।

पत्नी और उसके परिजन चौकी में प्रेमिका को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। हालांकि युवक द्वारा कई बार फोन करने के बावजूद प्रेमिका चौकी नहीं पहुंची। आखिरकार पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की और मामला शांत कर उन्हें छोड़ दिया।

तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद पहले से न्यायालय में चल रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई और किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर न मिलने पर उन्हें छोड़ दिया गया।

न्यू ईयर की पूर्व संध्या पर हुए इस ड्रामे ने नैनीताल में 31st सेलिब्रेशन के बीच सनसनी फैला दी और शहर में यह मामला देर रात तक चर्चा का विषय बना रहा।