ऊधमसिंह नगर में हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश; दो महिलाओं समेत छह आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई कार और नगदी बरामद
ऊधमसिंह नगर। जिले में हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट और ब्लैकमेल करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नानकमत्ता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 14 मार्च की रात आरोपियों ने महिलाओं के माध्यम से फोन कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और मिलने के बहाने उसे नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छीझाला इलाके में बुलाया। पीड़ित जैसे ही अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से मौजूद महिलाओं और उनके साथियों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई। इस दौरान पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली गई।
15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम क्षेत्र में घेराबंदी कर सामने से आती हुंडई आई-10 कार को रोक लिया। कार में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित ने चारों आरोपियों की पहचान भी कर ली।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में रमन सिंह और गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। उनके पास से लूटी गई सोने की अंगूठी और नगदी भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, अवैध शस्त्र और अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस मामले में कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल, निरीक्षक मंजू पांडे, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, नवल किशोर, सुनील कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित, बैंक-कोषागार भी रहेंगे बंद; शासन ने जारी की अधिसूचना
आज का राशिफल (17 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में गरबा फेस्ट की धूम, ढोल-डांडिया की थाप पर झूमे छात्र; रंगारंग उत्सव में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
उत्तराखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: मां-भाई और गर्भवती भाभी की हत्या के दोषी की फांसी रद्द; मानसिक इलाज के बाद रिहाई के निर्देश
बड़ी खबर! उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, प्रताड़ना और हत्या की साजिश के आरोप