रुद्रपुर: यहां स्पा की आड़ में चल रहा था रैकेट, 19 युवतियां रेस्क्यू, 10 गिरफ्तार, कई संचालक फरार

ख़बर शेयर करें 👉

रुद्रपुर। शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। रविवार देर रात चलाए गए सघन अभियान में पुलिस ने 19 युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं 13 स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें से कई अभी फरार हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर ट्रांजिट कैंप, किच्छा, पंतनगर कोतवाली और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीमों द्वारा की गई। पुलिस ने शहर के कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की, जहां कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में गौरव साह, गुरप्रीत गिल, आकाश, रोहित शर्मा, सोनू, राजन सिंह, अमित, ओमप्रकाश, अंकित और नितिन शामिल हैं। वहीं मुख्य संचालक गुरमीत उर्फ गोपी सहित अमित कुमार, डी. शेखर और नवाज फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पूछताछ में सामने आया कि स्पा सेंटरों की आड़ में संगठित तरीके से देह व्यापार चलाया जा रहा था। बाहर से युवतियों को लाकर इस अवैध धंधे में लगाया जाता था। कुछ स्थानों पर तथाकथित मैनेजर ग्राहकों की व्यवस्था करते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने साफ कहा है कि शहर में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।