हल्द्वानी के बेस अस्पताल में 9 बेड का ICU शुरू, अब गंभीर मरीजों को हायर सेंटर नहीं जाना पड़ेगा

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। बेस अस्पताल में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 बेड वाले आईसीयू का संचालन गुरुवार से शुरू हो गया है। आधुनिक मशीनों से लैस इस आईसीयू की शुरुआत होने से कुमाऊं के साथ ही सीमांत क्षेत्रों से आने वाले गंभीर मरीजों को अब प्राइवेट अस्पतालों या हायर सेंटर का रुख नहीं करना पड़ेगा। गुरुवार को जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से आईसीयू का उद्घाटन किया।

यह भी पढ़ें 👉  करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि आईसीयू के संचालन के लिए एक्सपर्ट डॉक्टर और अनुभवी नर्सिंग स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। आईसीयू 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टर्स की निगरानी में संचालित होगा, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि आईसीयू सुविधा शुरू होने से हल्द्वानी और आसपास की जनता, खासकर गरीब तबके को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मजबूती पर विशेष ध्यान दे रही है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि आईसीयू में चार एनेस्थेटिक डॉक्टर और चार अनुभवी नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा तीन सर्जन और तीन फिजिशियन रोटेशन के आधार पर सेवाएं देंगे। सीएमओ के अनुसार आईसीयू शुरू होने से बेस अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में और मजबूती आ जाएगी। गंभीर मरीजों, जिन्हें पहले इलाज के लिए हायर सेंटर जाना पड़ता था, अब बेस अस्पताल में ही आईसीयू सुविधा का लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा

उद्घाटन कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक बेस चिकित्सालय समेत विभिन्न चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।