हल्द्वानी में बुक सेलर्स पर प्रशासन की सख्ती: जांच में खुली मनमानी, स्कूलों को नोटिस की तैयारी

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देश पर रविवार को हल्द्वानी नगर क्षेत्र में बुक सेलर्स के खिलाफ बड़ा जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन अलग-अलग टीमों ने शहर के कई बुक डिपो पर छापेमारी कर व्यवस्थाओं और पुस्तकों की बिक्री से जुड़े मामलों की जांच की।

नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीमों ने कालाढूंगी रोड और अन्य क्षेत्रों में स्थित प्रमुख बुक सेलर्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अभिभावकों से भी फीडबैक लिया गया, जिसमें सामने आया कि कुछ विद्यालयों द्वारा अभिभावकों को विशेष दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए पर्ची दी जा रही है।

इस पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विद्यालयों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए हैं। साथ ही बुक सेलर्स से विभिन्न स्कूलों में चल रही पुस्तकों की सूची और रेट लिस्ट भी जुटाई गई।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि कुछ विद्यालय एनसीईआरटी के अलावा अन्य महंगी किताबें भी अनिवार्य कर रहे हैं, जिनकी कीमतें अधिक हैं। इस पर शिक्षा विभाग को इन पुस्तकों की आवश्यकता और औचित्य की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा प्ले ग्रुप, प्री-नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाओं के संचालन को लेकर भी सवाल उठे हैं। ऐसे विद्यालयों की मान्यता और पंजीकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं।

टीमों ने एनसीईआरटी की पुस्तकों के सैंपल भी एकत्र किए हैं, जिन्हें सत्यापन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजा जा रहा है। वहीं बुक सेलर्स के बिलों की भी जांच की गई, जिसमें आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग को निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को ग्राहकों के लिए पानी, बैठने की व्यवस्था और शेड जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही 20 अप्रैल तक यूनिफॉर्म और किताबों की अनिवार्यता में छूट संबंधी आदेश भी दुकानों पर चस्पा कराए गए।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्कूलों और बुक सेलर्स में हड़कंप मचा हुआ है।