हल्द्वानी: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, 17 दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण पूरा; सुनीति भट्ट ने बांटे प्रमाण-पत्र
हल्द्वानी। घूनी नंबर-2, कठघरिया में द ढाल सोसाइटी (एन असिस्टेंस फॉर लाइफ) की ओर से “सशक्त नारी, आत्मनिर्भर नारी” की भावना के साथ आयोजित 17 दिवसीय निःशुल्क व्यावसायिक सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को एडवोकेट सुनीति भट्ट ने सम्मानित कर प्रमाण-पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को सिलाई का व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना रहा। 17 दिनों तक चले प्रशिक्षण में महिलाओं को सिलाई मशीन के संचालन से लेकर विभिन्न प्रकार के वस्त्रों की सिलाई, कटिंग, नाप और डिजाइनिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई के हुनर को रोजगार का माध्यम बनाने और घर बैठे आय अर्जित करने के विभिन्न तरीकों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए एडवोकेट सुनीति भट्ट ने कहा कि महिलाओं के हाथ में हुनर होने से वे अपने परिवार के साथ समाज को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को अपने हुनर को पहचानने, आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाना है। इससे महिलाएं अपनी आय का साधन विकसित करने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकती हैं।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं: दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 30 करोड़ रुपये मंजूर; 34 हजार परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
नैनीताल पुलिस में बड़ा फेरबदल: चार DSP के बदले कार्यक्षेत्र, रविकान्त सेमवाल रामनगर तो लव शर्मा बने हल्द्वानी CO
आज का राशिफल (07 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!