हल्द्वानी संभाग में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 257 वाहनों के चालान, 22 वाहन सीज

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में मंगलवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 257 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 22 वाहनों को सीज किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि यह विशेष अभियान मुख्य रूप से अनधिकृत ब्लैक फिल्म और हाई-डेंसिटी (तेज) लाइट लगाकर चलाए जा रहे वाहनों के खिलाफ चलाया गया। हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर कार्यालयों की प्रवर्तन टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा।

अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगाने के मामले में 28 वाहनों तथा अनधिकृत हाई-डेंसिटी लाइट लगाने वाले 26 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच के दौरान वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म और अवैध लाइटों को मौके पर ही हटवाया गया।

इसके अलावा फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट की शर्तों के उल्लंघन, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, इंश्योरेंस और अन्य मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। सीज किए गए 22 वाहनों में बाइक, ऑटो, जीप और मालवाहक वाहन शामिल हैं।

इस संयुक्त अभियान में रामनगर के एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव, हल्द्वानी में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, गोविंद और जगदीश, रुद्रपुर उपसंभाग के परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल, आनंद प्रकाश गुप्ता और आशुतोष डिमरी, काशीपुर उपसंभाग के एआरटीओ संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी अनिल, सचिन और नंदन आर्य, जबकि टनकपुर उपसंभाग में सहायक परिवहन अधिकारी मनोज बागोरिया और परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी ने कार्रवाई की।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि ब्लैक फिल्म, अनधिकृत हाई-डेंसिटी लाइट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भविष्य में भी सख्त प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।