हल्द्वानी में 10 हजार स्ट्रीट लाइट खरीदेगा नगर निगम, बोर्ड बैठक में 18 प्रस्तावों पर लगी मुहर; ग्रामीण क्षेत्रों को टैक्स में राहत

ख़बर शेयर करें 👉

सफाई व्यवस्था पर पार्षद भागीरथी बिष्ट धरने पर बैठीं, अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर भी उठा सवाल; काठगोदाम में बनेगा एससी छात्रों का छात्रावास

हल्द्वानी। शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम 10 हजार नई स्ट्रीट लाइट खरीदेगा। नगर निगम सभागार में हुई बोर्ड बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सफाई व्यवस्था, पार्कों के रखरखाव, नगर निगम की दुकानों, नजूल दस्तावेजों के संरक्षण और नए शामिल ग्रामीण क्षेत्रों को टैक्स में राहत देने जैसे अहम मुद्दों पर भी निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भागीरथी बिष्ट ने नाराजगी जताई और धरने पर बैठ गईं। उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। वहीं, कई विभागीय अधिकारियों के बैठक में शामिल नहीं होने पर पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर नगर आयुक्त ने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  ग्राफिक एरा हल्द्वानी में 'इनोविस्टा 2026' का भव्य समापन: गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक के दिग्गजों की मौजूदगी में छात्रों ने बिखेरा जलवा

नए ग्रामीण क्षेत्रों में 31 दिसंबर तक कमर्शियल टैक्स की छूट

नगर निगम में शामिल किए गए नए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत देते हुए कमर्शियल टैक्स में मिल रही छूट की अवधि 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। इस फैसले से संबंधित क्षेत्रों के व्यापारियों और अन्य करदाताओं को राहत मिलेगी।

पार्कों और नगर निगम की दुकानों का होगा सर्वे

बोर्ड बैठक में उन पार्कों की स्थिति की जांच कराने का फैसला लिया गया, जिन्हें एनजीओ और विभिन्न संस्थाओं को रखरखाव के लिए सौंपा गया है। इसके लिए टीम गठित की जाएगी, जो पार्कों की मौजूदा स्थिति और उनके रखरखाव का निरीक्षण करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  ग्राफिक एरा हल्द्वानी में 'इनोविस्टा 2026' का भव्य समापन: गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक के दिग्गजों की मौजूदगी में छात्रों ने बिखेरा जलवा

इसके साथ ही नगर निगम की दुकानों का सर्वे कराया जाएगा। नजूल से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों के संरक्षण पर भी जोर दिया गया, ताकि संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जा सकें।

काठगोदाम में एससी छात्रों के लिए बनेगा छात्रावास

नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। वहीं, डीके पार्क के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी जिला विकास प्राधिकरण को सौंपी जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  ग्राफिक एरा हल्द्वानी में 'इनोविस्टा 2026' का भव्य समापन: गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक के दिग्गजों की मौजूदगी में छात्रों ने बिखेरा जलवा

शनि बाजार मोड़ पर दोबारा बनेंगी ध्वस्त दुकानें

शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम 10 हजार स्ट्रीट लाइट खरीदेगा। इसके अलावा सड़क चौड़ीकरण के दौरान शनि बाजार मोड़ पर ध्वस्त हुई दुकानों का पुनर्निर्माण कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। 18 प्रस्तावों को मिली मंजूरी के जरिए शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad