हल्द्वानी में नशे पर बड़ा वार! 16 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘प्रहार’ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के अंतर्गत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत पुलिस ने करीब 16 लाख 44 हजार रुपये कीमत की 54.80 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 17 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने कुंवरपुर बाईपास से गौलानदी जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल काठगोदाम के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद (34 वर्ष), निवासी बनभूलपुरा, के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह स्मैक को बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र से खरीदकर लाया था और हल्द्वानी में बेचने की फिराक में था।

आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जनवरी माह से अब तक जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 20 मामलों में 25 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि करीब 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार रुपये की स्मैक बरामद की गई है।

पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं से नशे से दूर रहने और अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है।