बड़ी खबर: हल्द्वानी में बनेगा अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेंटर, सीएम धामी ने किया 6.75 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास
हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में पत्रकारों के सशक्तिकरण और मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को एक बड़ी पहल हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। करीब 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दूरस्थ क्षेत्रों मुनस्यारी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, कपकोट, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत से आने वाले पत्रकारों के लिए विशेष आवासीय व्यवस्था भी की जाएगी।
सीएम धामी ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से संपन्न किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये किया गया है, जबकि अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा भी लागू की गई है। वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी का यह मीडिया सेंटर भविष्य में कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनेगा और यहां से संचालित पत्रकारिता राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष गोविंद सिंह, मेयर गजराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!