हल्द्वानी पहुंचे सीएम धामी: जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए मौके पर समाधान के निर्देश
हल्द्वानी, 24 मई 2026। जनपद नैनीताल के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अधिकारी जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। इस दौरान पेयजल संकट, ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, बिजली आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।
मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब पड़े नलकूपों और हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने और विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: मां-भाई और गर्भवती भाभी की हत्या के दोषी की फांसी रद्द; मानसिक इलाज के बाद रिहाई के निर्देश
बड़ी खबर! उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, प्रताड़ना और हत्या की साजिश के आरोप
आज का राशिफल (16 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल: DM ललित मोहन रयाल के एक साल का रिपोर्ट कार्ड, 31,979 राजस्व वादों का निस्तारण; 34,897 वारिसों के नाम दर्ज
पिथौरागढ़ में नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया जागरूक, बैंकिंग योजनाओं से लेकर साइबर ठगी से बचाव तक दी जानकारी