CM पोर्टल पर शिकायत निकली फर्जी, जांच के बाद शिकायतकर्ता पर ₹51,000 का जुर्माना
हल्द्वानी। सीएम हेल्पलाइन पर फर्जी शिकायतें दर्ज कराने वालों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। नैनीताल जिले की मनरेगा लोकपाल पुष्पा कांडपाल ने कोटाबाग ब्लॉक की बांसी ग्राम पंचायत से जुड़ी चार शिकायतों को झूठा पाते हुए शिकायतकर्ता पर 51 हजार रुपये का भारी अर्थदंड लगाया है। पूरे मामले की जांच एक महीने तक चलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, नौ सितंबर 2025 को काशीपुर निवासी अनिल नाम से सीएम पोर्टल पर ग्राम पंचायत बांसी से संबंधित चार शिकायतें दर्ज की गई थीं। इनमें बजाड़ी नाले के वायरक्रेट का दो बार भुगतान, एक पुराने सिंचाई टैंक को नया दिखाकर भुगतान लेने, फर्जी कुशल मजदूर दिखाकर लाखों रुपये खाते में डालने और मनरेगा मजदूरी से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
मनरेगा लोकपाल ने आठ अक्टूबर को गांव पहुंचकर मौके पर निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। दस्तावेजों की जांच में सभी शिकायतें निराधार पाई गईं। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतें अनिल और भूपेंद्र नाम से दर्ज थीं, जबकि ये नाम किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किए गए थे।
लोकपाल पुष्पा कांडपाल ने बताया कि चारों शिकायतें गलत पाए जाने के बाद रिपोर्ट सीएम पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। जांच के दौरान मनरेगा के कामों पर रोक के कारण ग्रामीणों को नुकसान भी उठाना पड़ा। शिकायतकर्ता पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर कार्रवाई पूरी की गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार