हल्द्वानी में गंगा स्वच्छता अभियान: चित्रशिला घाट से 5 टन कचरा हटाया, 150 लोगों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। जिला गंगा समिति, नैनीताल के तत्वाधान में सोमवार को काठगोदाम स्थित चित्रशिला घाट पर विशाल स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में वन विभाग, नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम और स्थानीय लोगों ने मिलकर भागीदारी की और गंगा स्वच्छता का संदेश दिया।

यह कार्यक्रम “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा” (16 से 31 मार्च 2026) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसे राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार संचालित किया जा रहा है। अभियान जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष के निर्देशन में आयोजित हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून : सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात, 401.86 करोड़ की 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास,…देखिए

कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक और अन्य कचरे को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थान पर ही डालें और “Reduce, Reuse, Recycle” की जीवनशैली अपनाएं।

इसके बाद चित्रशिला घाट पर सघन सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 5 टन ठोस कचरा एकत्र किया गया। इस कचरे को नगर निगम द्वारा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण के लिए ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजा गया।

अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों को “गंगा स्वच्छता शपथ” भी दिलाई गई। उन्होंने गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ बनाए रखने, जल स्रोतों में कचरा न डालने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।

इस अभियान में करीब 150 लोगों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के अंत में जलपान के दौरान भी प्रतिभागियों ने स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए कचरे का पृथक संग्रह किया।

यह अभियान न केवल गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण संभव है।