हल्द्वानी: जिलाधिकारी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, अफसरों को दिए ये निर्देश
हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना ने शुक्रवार को आपदा प्रभावित ग्राम ब्यूडा खाम का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त मार्ग, बरसती नाले एवं सड़कों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ब्यूड़ा खाम में दो नालों के कारण वर्षाकाल में भूस्खलन और मलबा आने से स्थानीय लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने सिंचाई और वन विभाग को दीर्घकालीन प्रस्ताव बनाने के लिए विशेषज्ञों की टीम द्वारा सर्वे करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नालों पर चरणबद्ध तरीके से चैकडैम बनाए जाएं ताकि मलबा आबादी क्षेत्र में न आए। इसके लिए 15 दिनों के भीतर डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा मानसून समाप्त हो गया है, इसलिए पुनर्निर्माण कार्य तत्काल शुरू किए जाएं ताकि जनपद में आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में अगले मानसून से पूर्व सभी सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण हो सकें।
जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि ग्राम के ऊपर की पहाड़ी पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में ग्रीन कवर बढ़ाया जाए। इसके लिए बांस का प्लांटेशन या मिट्टी को पकड़ने वाली घास लगाई जाए। उन्होंने गांव में आवागमन हेतु क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए भी प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। बलूटी ग्राम को जाने वाली सड़क पर गड्ढे पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और मौके पर पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को गड्ढे भरने के निर्देश दिए।
इसके बाद, जिलाधिकारी ने काठगोदाम कालटैक्स के पास चौराहे के चौड़ीकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को गोदाम में पानी भरने की शिकायत पर ड्रेनेज बनाने के निर्देश दिए। काठगोदाम से हल्द्वानी तक चौड़ीकरण के बाद फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने और जहां जगह उपलब्ध है, वहां पेड़ लगाने के लिए चिन्हित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ठंडी सड़क और नैनीताल रोड पर पार्कों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल रोड पर लगभग 12 से 13 पार्क हैं, जिनमें से केवल दो की स्थिति ठीक है। उन्होंने सूखे पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने और टूटे रेलिंग को दुरुस्त करने की बात कही। ठंडी सड़क पर फुटपाथ और मार्ग को सौंदर्यीकरण के दृष्टिगत दो पार्कों से संबंधित क्षेत्र की लैंडस्केपिंग के लिए पीडब्ल्यूडी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मुख्य मार्ग से ट्रांसफार्मर एवं विद्युत पोल शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए, साथ ही नगर निगम को शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनमानस को कोई परेशानी न हो।
इस अवसर पर नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट एबी बाजपेयी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक चौधरी, तहसीलदार सचिन कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


दिल्ली में उत्तराखंड की लेखिका डॉ. कविता पांडेय की पुस्तक ‘अदम्या-असीम की ओर’ पर साहित्यिक परिचर्चा, शब्दों की शक्ति और कहानी कहने की कला पर हुआ मंथन
आज का राशिफल 31 अक्टूबर 2026: मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों का भविष्य, किसे मिलेगा लाभ और किसे रहना होगा सतर्क
चमोली: बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराया, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत; शव बरामद
आज का राशिफल (30 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!