चमोली: बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराया, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत; शव बरामद
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए लौट रहा निजी हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर पहाड़ी से टकरा गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी मृतकों के शव दुर्घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
जोशीमठ के पास पहाड़ी से टकराया हेलीकॉप्टर
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से सहस्रधारा, देहरादून के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी सिग्नल देना बंद कर गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 2:20 बजे जोशीमठ क्षेत्र में मारवाड़ी पुल के पास जेपी पावर हाउस के नजदीक पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए।
पायलट दिल्ली का, पांच यात्री कर्नाटक के निवासी
हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे। इनमें पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल दिल्ली के निवासी थे, जबकि पांचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे। यात्रियों की पहचान प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है।
हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने सभी शवों के बरामद होने की पुष्टि की है।
पुलिस, SDRF और सेना की संयुक्त टीमें रेस्क्यू में जुटीं
दुर्घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), भारतीय सेना और प्रशासन की संयुक्त टीमें मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। बरामद शवों को पहाड़ी क्षेत्र से सड़क तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, हादसे में सभी छह लोगों की मौत हुई है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।
ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े को किया गया ग्राउंडेड
हादसे के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: ग्राफिक एरा में ‘इनोविस्टा 2026’ का आगाज, 700 से अधिक छात्रों ने दिखाया तकनीकी हुनर; 36 घंटे का हैकाथॉन बना आकर्षण
आज का राशिफल (30 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम अभियान में जेन अल्फा की दस्तक, 12 साल की सोनाली ने 55 सेकंड के संबोधन से दिया बड़ा संदेश
धनतेरस-दीपावली पर मुकेश बोरा की सौगात, तीन दुग्ध समितियों में 29.39 लाख रुपये का बोनस वितरित