हल्द्वानी: पार्टी में विवाद के बाद हत्या, रात में बरामदे में सो रहे युवक की हत्या; जीजा हिरासत में

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद 29 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव बुधवार सुबह घर के बरामदे में मिला। पुलिस ने मामले में मृतक के मुंहबोले जीजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ निवासी अमन ठाकुर पिछले करीब तीन वर्षों से जवाहर नगर निवासी परबीना के घर में मुंहबोले बेटे के रूप में रह रहा था। बताया गया कि मंगलवार रात मोहल्ले में जन्मदिन की पार्टी थी। इसी दौरान अमन और उसकी मुंहबोली बहन कशिश के पति निक्की उर्फ राजेंद्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद के बाद अमन घर के बाहर बरामदे में जाकर सो गया। बताया जा रहा है कि उस समय अमन ने शराब पी रखी थी। आरोप है कि देर रात निक्की वहां पहुंचा और सो रहे अमन की गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के दौरान घर के अंदर कशिश और उसका 14 वर्षीय भाई वंश सो रहे थे। वारदात की जानकारी उन्हें भी नहीं हो सकी। सुबह कशिश के बाहर आने पर अमन को बरामदे में मृत अवस्था में देखा गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि निक्की को अमन और कशिश के संबंधों को लेकर शक था। इसी शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी अमित कुमार सैनी और बनभूलपुरा कोतवाल डीएस फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शक के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के समय घर में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।