हल्द्वानी में इंसानियत शर्मसार? जहरखुरानी का शिकार युवक को बस से उतार सड़क पर छोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। शहर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां जहरखुरानी का शिकार हुए युवक को कथित तौर पर रोडवेज बस स्टाफ ने मदद करने के बजाय सड़क किनारे छोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक युवक दिल्ली से भीमताल अपने मित्र की शादी में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में वह जहरखुरानी गिरोह के चंगुल में फंस गया। आरोप है कि बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल के माध्यम से करीब एक लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि युवक बेहोशी की हालत में बस में सवार था। आरोप है कि शीशमहल क्षेत्र में रोडवेज बस स्टाफ ने उसे बस से नीचे उतार दिया। सीसीटीवी फुटेज में युवक को बस से गिरते हुए देखा जा सकता है। कुछ देर बाद वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला।

स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए युवक को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रोडवेज कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। कि बेहोश यात्री की मदद करने के बजाय उसे सड़क पर क्यों छोड़ दिया गया।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।