जाम से मिलेगी राहत: लालकुआं में बनेगा बाईपास, गोला पुल होगा फोरलेन; NHAI ने दी मंजूरी
हल्द्वानी, 11 सितंबर। नैनीताल जिले में यातायात के बढ़ते दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने लालकुआं बाईपास को स्वीकृति दे दी है, जबकि गोला पुल के आगे सड़क को फोरलेन करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है।
7 किलोमीटर का होगा लालकुआं बाईपास
लालकुआं बाईपास की लंबाई करीब 7 किलोमीटर होगी। यह बाईपास बरेली रोड नगला से शुरू होकर वन विकास निगम के डिपो तक बनाया जाएगा। NHAI से स्वीकृति मिलने के बाद अब इसकी DPR (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जाएगी। DPR तैयार होने के बाद परियोजना की आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गोला पुल से आगे 8.4 किमी सड़क होगी फोरलेन
दूसरी परियोजना के तहत गोला पुल से आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोरलेन में बदलने का प्रस्ताव है। करीब 8.4 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को In-Principle यानी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। संबंधित कार्यदायी एजेंसी को जल्द DPR तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में कम होगा भारी वाहनों का दबाव
जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हल्द्वानी शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम से राहत मिलेगी और कुमाऊं मंडल में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, इन फैसलों पर लगी मुहर….
आज का राशिफल (11 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!