हल्द्वानी में ज्वैलर्स पर करोड़ों की ठगी का आरोप: सोना-नकदी लेकर फरार हुआ सुनार, एसएसपी ने गठित की संयुक्त टीम
हल्द्वानी। शहर के लामाचौड़ क्षेत्र में संचालित एक ज्वैलर्स पर सोने के आभूषण बनाने के नाम पर धोखाधड़ी कर फरार होने का आरोप लगा है। दर्जनों पीड़ित बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मुखानी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
पीड़ितों के अनुसार लामाचौड़ स्थित ‘मां भगवती ज्वैलर्स’ का संचालन नरेंद्र सिंह रावत उर्फ नीरज और उनकी पत्नी पूजा रावत कर रहे थे। दोनों मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोप है कि नरेंद्र सिंह लंबे समय से स्थानीय लोगों से नए गहने बनाने, पुराने जेवरात ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना व नकदी ले रहा था।
मुखानी थाना क्षेत्र के गुजरौड़ा निवासी पुष्पा कन्याल ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 20 ग्राम सोने के आभूषण बनवाने के लिए करीब 1.85 लाख रुपये आरोपी को दिए थे। उन्हें 8 फरवरी तक तैयार गहने देने का आश्वासन मिला था, लेकिन 6 फरवरी से दुकान बंद मिली और आरोपी फरार हो गया।
अन्य पीड़ितों ने भी अलग-अलग तहरीरें दी हैं। आरोप है कि पूरन सिंह बोरा निवासी कठघरिया से 40.550 ग्राम सोना और 100 ग्राम का सिक्का, बसंती देवी निवासी देवपुर देवका लामाचौड़ से 21.280 ग्राम सोना व एक लाख रुपये, निर्मला निगल्टिया निवासी कुरियागांव से 20 ग्राम सोना, तथा हेमलता दानू निवासी कठघरिया खेमपुर से 26.400 ग्राम सोना और 75 हजार रुपये नकद लिए गए। कई लोगों ने ऑनलाइन भुगतान भी किया है।
पीड़ितों का कहना है कि जब आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला। घर पहुंचने पर उसकी पत्नी ने पैसे या सोना लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही आरोप लगाया गया कि पत्नी ने साजिशन मुखानी थाने में पति की गुमशुदगी भी दर्ज कराई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी और एसओजी टीम को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पीड़ितों ने प्रशासन से अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड: परेड ग्राउंड के पास कर्नल के बेटे की हत्या, शहर में सनसनी
बड़ी खबर (देहरादून) : धामी कैबिनेट हुई संपन्न, 6 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगाई मुहर