लालकुआं: हाईवे पर फिर रफ्तार का कहर, सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय चौकीदार को अज्ञात वाहन ने कुचला; मौत
लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान किशन चौधरी (55), निवासी नेपाल के रूप में हुई है। वह लंबे समय से मोटाहल्दू स्थित विनोद स्टोन क्रेशर में चौकीदार के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में अपने बेटे के साथ वहीं रह रहा था।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार को किशन चौधरी बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल लालकुआं पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर से परिवार में मचा कोहराम
किशन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच हाईवे पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। कई दुर्घटनाओं में लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, बावजूद इसके हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: धामी कैबिनेट के बड़े फैसले, लालकुआं की जमीन से लेकर युवाओं की स्किलिंग तक इन प्रस्तावों पर लगी मुहर, पढ़ें विस्तार से….
उत्तराखंड: आज यहां होने जा रही है धामी कैबिनेट की बैठक, किन फैसलों पर लगेगी मुहर? टिकी सबकी नजर