हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: बुलेट और दुग्ध वाहन की भीषण टक्कर, युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड आईटीआई के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार 22 वर्षीय युवक आदित्य सिंह बिष्ट की मौत हो गई, जबकि उसका साथी कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद टाटा ऐस वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक आदित्य सिंह बिष्ट, निवासी संगम विहार फेस-3 छड़ायल नायक, शुक्रवार को अपने मित्र कुनाल के साथ बुलेट से रामपुर रोड चुंगी की ओर आ रहा था। इसी दौरान आईटीआई तिराहे पर गली से अचानक निकले एक दुग्ध सप्लाई करने वाले टाटा ऐस वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मेडिकल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुनाल का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल के पास की दुकानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाली है, जिसमें टाटा ऐस और बुलेट की टक्कर साफ दिखाई दे रही है। हादसे के बाद टाटा ऐस चालक घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मेडिकल चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि टाटा ऐस वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मृतक आदित्य के पिता नाइजीरिया में कार्यरत हैं, जबकि मां और भाई पहाड़ गए हुए हैं। आदित्य बुलेट किसी परिचित से मांगकर लाया था। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिन्दुखत्ता: गौला नदी के कटाव से किसानों की जमीन नदी में समाई, चार मकान खतरे में; ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन,…VIDEO
आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद