हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव से पहले बवाल, दो गुटों में जमकर मारपीट, पुलिस ने लाठी फटकार कर किया काबू
हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी 27 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होने हैं, लेकिन उससे पहले ही कॉलेज परिसरों में अराजकता का माहौल देखने को मिल रहा है। मंगलवार (16 सितंबर) को हल्द्वानी के मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमबीपीजी कॉलेज) में शक्ति प्रदर्शन के दौरान दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए।
जानकारी के अनुसार, छात्रसंघ अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशियों ने मंगलवार को अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन किया। इसी दौरान जुलूस कॉलेज प्रांगण में पहुंचते ही दोनों गुटों में विवाद हो गया और देखते ही देखते छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चला दिए। मौके पर भारी अराजकता का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस और पीएसी के जवानों ने लाठी फटकारकर छात्रों को किसी तरह काबू किया। इस झड़प में कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
कॉलेज प्राचार्य एनएस बनकोटी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं और छात्रों को लिंगदोह समिति के नियमों से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों गुटों की ओर से घटना की जानकारी दी गई है और इसकी रिपोर्ट पुलिस व शासन को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई संबंधित स्तर पर की जाएगी।
कुमाऊं के सबसे बड़े छात्र संख्या वाले एमबीपीजी कॉलेज में इस बार छात्रसंघ अध्यक्ष पद को लेकर मुख्य मुकाबला एबीवीपी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच माना जा रहा है। ऐसे में चुनाव से पहले ही छात्रों के बीच बढ़ती गहमागहमी और टकराव प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में दुकानदारों की मनमानी: सड़क पर दुकानें सजने से चलना हुआ दुश्वार, अब नगर पंचायत का एक्शन शुरू…
पंतनगर में दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत; ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
आज का राशिफल (20 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बड़ी खबर! उत्तराखंड को मिले नए राज्यपाल, डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली शपथ; सीएम धामी ने दी बधाई
उत्तराखंड: दिन में चटख धूप, सुबह-शाम बढ़ी ठंड; इस दिन से बदल सकता है मौसम, जानें IMD का पूर्वानुमान